सुप्रभात बालमित्रों!
28 जनवरी – प्रेरणादायक ज्ञान यात्रा
सुप्रभात बालमित्रों!
आज 28 जनवरी है, और अभ्युदय वाणी की रेलगाड़ी एक बार फिर से आपको ले चलने के लिए तैयार है –
आज के रोमांचक, ज्ञानवर्धक और नैतिक शिक्षा से भरपूर एक अद्भुत सफर में, जहाँ हम नए विचारों से प्रेरित होंगे,
नई जानकारी हासिल करेंगे, और जीवन के मूल्यों को समझेंगे।
तो, आइए, इस सफर की शुरुआत करते हैं, आज के प्रेरणादायक सुविचार से:
"गुणवत्ता प्रचुरता से अधिक महत्त्वपूर्ण है।"
"Quality is more important than quantity."
इस कथन का अर्थ यह है कि यदि किसी चीज़ की मात्रा बहुत ज़्यादा हो, लेकिन उसकी गुणवत्ता अच्छी न हो, तो वह हमारे लिए अधिक उपयोगी नहीं होगी। इसके विपरीत, यदि मात्रा कम हो पर गुणवत्ता उत्कृष्ट हो, तो वह अधिक मूल्यवान और उपयोगी सिद्ध होगी।
उदाहरण के तौर पर, किसी व्यक्ति के पास बहुत सारे कपड़े हो सकते हैं, लेकिन यदि वे जल्दी खराब हो जाएँ तो बार-बार बदलने पड़ते हैं। जबकि कम लेकिन उच्च गुणवत्ता वाले कपड़े लंबे समय तक टिकते हैं और अधिक संतोष देते हैं।
यह सुविचार हमें सिखाता है कि किसी भी कार्य, वस्तु या निर्णय में गुणवत्ता को प्राथमिकता देनी चाहिए, क्योंकि गुणवत्ता ही वास्तविक मूल्य होती है। जब हम हर काम में गुणवत्ता पर ध्यान देते हैं, तो उसके परिणाम अधिक टिकाऊ, उपयोगी और संतोषजनक होते हैं।
आगे बढ़ते हैं इस सफर में, और जानते हैं आज का अंग्रेजी शब्द: MAESTRO : मेस्ट्रो – जिसका अर्थ है माहिर, विशेषज्ञ।
यह शब्द प्रायः ऐसे व्यक्ति के लिए उपयोग किया जाता है जो अपने क्षेत्र में अत्यधिक कुशल, निपुण और अद्वितीय हो। विशेषकर संगीत, कला और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में जिनकी महारत को सराहा जाता है, उन्हें "मेस्ट्रो" कहा जाता है।
उदाहरण: पंडित रवि शंकर को सितार वादन में उनकी महारत के कारण "मेस्ट्रो" कहा जाता है।
"Pandit Ravi Shankar is considered a maestro in playing the sitar due to his exceptional skills."
लेकिन भूलकर भी, इसकी अंग्रेजी नहीं बनाना।
उत्तर : केला
अब अगला स्टेशन है आज का इतिहास: इतिहास हमें अतीत से सीखने और वर्तमान को बेहतर बनाने का मौका देता है। आइए इतिहास के पन्नों में आज 28 जनवरी की कुछ प्रमुख घटनाओं पर नज़र डालें।
- 1865: पंजाब के मुगलपुरा (अब पाकिस्तान) में महान स्वतंत्रता सेनानी, लेखक और राजनीतिज्ञ लाला लाजपत राय का जन्म हुआ। उन्हें “पंजाब केसरी” कहा जाता था और वे लाल-बाल-पाल त्रयी के प्रमुख सदस्य थे।
- 1935: आइसलैंड दुनिया का पहला देश बना जिसने कुछ स्थितियों में गर्भपात को पूरी तरह वैध कर दिया।
- 1950: स्वतंत्र भारत के सर्वोच्च न्यायालय (Supreme Court of India) का आधिकारिक उद्घाटन हुआ और हीरालाल जे. कानिया ने देश के पहले मुख्य न्यायाधीश (Chief Justice of India) के रूप में शपथ ली।
- 1986: अमेरिकी अंतरिक्ष शटल चैलेंजर प्रक्षेपण के महज़ 73 सेकंड बाद हवा में विघटित हो गया, जिसमें सातों अंतरिक्ष यात्री शहीद हो गए।
- हर साल 28 जनवरी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेटा गोपनीयता दिवस / डेटा प्राइवेसी डे (Data Privacy Day) मनाया जाता है।
अभ्युदयवाणी में अब हम जानेंगे आज के प्रेरक व्यक्तित्व "लाला लाजपत राय" के बारे में।
लाला लाजपत राय भारत के स्वतंत्रता संग्राम के महान योद्धा थे। उन्हें 'पंजाब केसरी' के नाम से भी जाना जाता है। उनका जन्म 28 जनवरी, 1865 को पंजाब के धुडीके में हुआ था। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में गरम दल का नेतृत्व किया और ब्रिटिश शासन के खिलाफ मज़बूती से आवाज़ उठाई।
लाला लाजपत राय ने बंगाल विभाजन का विरोध किया और स्वदेशी आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने पंजाब में आए अकाल के दौरान राहत कार्य किए और लोगों की मदद की। स्वदेशी आंदोलन के तहत उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक और लक्ष्मी बीमा कंपनी जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों की स्थापना में योगदान दिया।
वे आर्य समाज के विचारों से प्रेरित थे और दयानंद एंग्लो वैदिक (DAV) स्कूलों की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे शिक्षा को राष्ट्रीय जागरण का एक सशक्त साधन मानते थे। उन्होंने हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए भी कार्य किया और अमेरिका में भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के लिए इंडियन होम रूल लीग की स्थापना की।
1928 में उन्होंने साइमन कमीशन का विरोध किया और एक विशाल प्रदर्शन में हिस्सा लिया, जिसके दौरान पुलिस की लाठीचार्ज में वे बुरी तरह घायल हो गए। चोटों के कारण 17 नवंबर, 1928 को उनका निधन हो गया। उनकी मृत्यु ने पूरे देश में शोक की लहर दौड़ा दी और ब्रिटिश शासन के खिलाफ क्रांति की भावना को और प्रबल बना दिया।
लाला लाजपत राय के बलिदान, संघर्ष और उनके अमूल्य योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने देश की आज़ादी के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया।
अभ्युदयवाणी के आज के दैनिक विशेष में हम जानेंगे 28 जनवरी को मनाये जाने वाले “डेटा गोपनीयता दिवस” (Data Privacy Day) के बारे में।
डेटा गोपनीयता दिवस हर साल 28 जनवरी को मनाया जाता है। यह दिन गोपनीयता और डेटा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए समर्पित है। इस दिन को कन्वेंशन 108 पर हस्ताक्षर किए जाने की याद में मनाया जाता है। यह गोपनीयता और डेटा सुरक्षा से जुड़ी पहली कानूनी रूप से बाध्यकारी अंतरराष्ट्रीय संधि मानी जाती है।
इस संधि का पूरा नाम है – "Convention for the Protection of Individuals with regard to Automatic Processing of Personal Data", जिस पर 28 जनवरी, 1981 को हस्ताक्षर किए गए थे।
डेटा गोपनीयता दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों को उनकी व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और उन्हें जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनाना है।
डेटा गोपनीयता दिवस पर क्या करें?
- अपने सभी डिवाइस पर गोपनीयता (Privacy) सेटिंग जाँचें और उचित रूप से सेट करें।
- असुरक्षित या पब्लिक वाई-फ़ाई का उपयोग करते समय सावधान रहें और संवेदनशील काम न करें।
- अपने बैंक और क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट को नियमित रूप से चेक करें।
- मजबूत पासवर्ड का उपयोग करें और पासवर्ड बार-बार बदलते रहें।
- अपने पासवर्ड को डिवाइस पर ऑटो-सेव करने से बचें, जहाँ संभव हो।
- वायरस सुरक्षा (एंटीवायरस) और फ़ायरवॉल का उपयोग करें।
- ऑनलाइन क्विज़ या गेम में अपनी निजी जानकारी (जैसे आधार, मोबाइल, पता) साझा न करें।
यह दिन हमें याद दिलाता है कि डिजिटल युग में हमारी व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा कितनी महत्वपूर्ण है। हमें हमेशा सतर्क रहकर अपनी गोपनीयता की रक्षा करनी चाहिए।
अभ्युदयवाणी के अंतिम पड़ाव पर अब सुनते हैं आज की प्रेरणादायक बाल कहानी, जिसका शीर्षक है: सुकरात और आईना।
दार्शनिक सुकरात दिखने में कुरूप थे। एक दिन, जब वे अकेले बैठे हुए आईना हाथ में लेकर अपना चेहरा देख रहे थे, तभी उनका एक शिष्य कमरे में आया। शिष्य ने सुकरात को आईना देखते हुए देखा तो उसे कुछ अजीब लगा और वह मुस्कराने लगा।
सुकरात ने यह देखकर कहा, "शायद तुम सोच रहे हो कि मुझ जैसा कुरूप आदमी आईना क्यों देख रहा है?" शिष्य ने कुछ नहीं कहा, लेकिन उसका सिर शर्म से झुक गया।
सुकरात ने मुस्कुराते हुए कहा, "क्या तुम जानना चाहते हो कि मैं ऐसा क्यों करता हूँ? मैं कुरूप हूँ, इसलिए रोज़ाना आईना देखता हूँ। आईना देखकर मुझे अपनी कुरूपता का भान हो जाता है। मैं अपने रूप को जानता हूँ और इसलिए हर रोज़ कोशिश करता हूँ कि अच्छे काम करूँ, ताकि मेरे अच्छे कर्म मेरी कुरूपता को ढक दें।"
शिष्य को यह बात बहुत शिक्षाप्रद लगी। लेकिन उसने एक शंका प्रकट की, "तब गुरूजी, इस तर्क के अनुसार सुंदर लोगों को तो आईना नहीं देखना चाहिए?"
सुकरात ने समझाते हुए कहा, "ऐसी बात नहीं है! सुंदर लोगों को भी आईना अवश्य देखना चाहिए, ताकि उन्हें ध्यान रहे कि वे जितने सुंदर दिखते हैं, उतने ही सुंदर काम भी करें। कहीं ऐसा न हो कि उनके बुरे काम उनकी सुंदरता को ढक दें और परिणामस्वरूप वे भीतर से कुरूप हो जाएँ।"
शिष्य को गुरु जी की बात का रहस्य समझ में आ गया और वह गुरु के आगे नतमस्तक हो गया।
इस कहानी से हमें यह सीख मिलती है कि हमें अपने बाहरी रूप के साथ-साथ अपने आंतरिक गुणों और कर्मों पर भी ध्यान देना चाहिए। हमारी बाहरी सुंदरता तभी सच्ची और स्थायी मानी जाएगी, जब हमारे विचार, व्यवहार और आचरण भी सुंदर हों। अच्छे कर्म हमारी बाहरी और आंतरिक दोनों सुंदरता को बढ़ाते हैं।
आज की अभ्युदय वाणी का सफ़र बस यहीं तक था, कल सुबह फिर मिलेंगे एक नई ऊर्जा के साथ – रोमांचक, ज्ञानवर्धक और नैतिक शिक्षा से भरपूर एक रोचक सफ़र में। आपका दिन शुभ हो!







