2 November AbhyudayVani अभ्युदयवाणी 🎙️📢








5 IMAGES INSIDE THIS BOX ]

आज की अभ्युदय वाणी


सुप्रभात बालमित्रों!

2 नवम्बर – प्रेरणादायक ज्ञान यात्रा

सुप्रभात बालमित्रों!
         आज 2 नवम्बर है, और अभ्युदय वाणी की रेलगाड़ी एक बार फिर से आपको ले चलने के लिए तैयार है, आज के रोमांचक, ज्ञानवर्धक और नैतिक शिक्षा से भरपूर एक अद्भुत यात्रा में, जहाँ हम नए विचारों से प्रेरित होंगे, नई जानकारी हासिल करेंगे, और जीवन के मूल्यों को समझेंगे।

✨ आज का प्रेरणादायक सुविचार

तो, आइए, इस सफर की शुरुआत करते हैं, आज के प्रेरणादायक सुविचार से: रोज रोज के छोटे सुधार बड़े परिणाम की तरफ ले जाते है।
Small daily improvements lead to great results.

यह वाक्य हमें यह सिखाता है कि जीवन में बड़ा परिवर्तन एक ही दिन में नहीं आता, बल्कि वह छोटे-छोटे निरंतर प्रयासों का परिणाम होता है। जब हम हर दिन थोड़ा-थोड़ा बेहतर बनने की कोशिश करते हैं, चाहे वह हमारी पढ़ाई हो, काम हो या स्वभाव, तो समय के साथ वही छोटे सुधार मिलकर बड़े बदलाव का रूप ले लेते हैं। उदाहरण के लिए, यदि कोई व्यक्ति रोज़ केवल दस मिनट पढ़ाई करता है या थोड़ी देर व्यायाम करता है, तो कुछ महीनों बाद वह अपने अंदर बड़ा अंतर महसूस करेगा। इसी तरह, यदि हम रोज़ अपनी गलतियों से कुछ नया सीखते हैं और खुद को सुधारते हैं, तो हम धीरे-धीरे सफल होने लगते हैं। इसलिए, हमें यह याद रखना चाहिए कि निरंतर छोटे प्रयास ही सफलता का सबसे बड़ा रहस्य हैं, क्योंकि स्थिरता और समर्पण ही किसी व्यक्ति को महान परिणामों तक पहुँचाते हैं।

📘 आज का अंग्रेजी शब्द

अभ्युदयवाणी में अब जानते हैं आज का अंग्रेजी शब्द जो है: Frustrate: निराश या परेशान : जिसका मतलब होता है किसी की उम्मीद या योजना को पूरा न होने देना, जिससे व्यक्ति निराश या परेशान हो जाए।

वाक्य प्रयोग: The delay in results frustrated all the students.परिणाम में देरी ने सभी विद्यार्थियों को निराश कर दिया।

🧩 आज की पहेली
·         आगे बढ़ते हैं इस सफर में, और आनंद लेते हैं आज की पहेली का :  मेरे पास चाबियाँ तो हैं, पर ताले नहीं, जगह नहीं, कमरे नहीं। तुम अंदर तो आ सकते हो, पर बाहर नहीं जा सकते। मैं क्या हूँ?
उत्तर: कीबोर्ड।
📜 आज का इतिहास

v  अब अगला स्टेशन है आज का इतिहास: इतिहास हमें अतीत से सीखने और वर्तमान को बेहतर बनाने का मौका देता है। आइए इतिहास के पन्नों में आज 2 नवम्बर की कुछ प्रमुख घटनाओं पर नज़र डालें।

  • 1834: 36 भारतीय श्रमिकों का पहला जत्था, जिनमें से अधिकांश बिहार से थे, 2 नवंबर, 1834 को 'एटलस' जहाज से मॉरीशस पहुंचे थे।  1834 से 1924 तक, अंग्रेजों ने हजारों भारतीय मजदूरों को मॉरीशस भेजा ताकि वे गन्ना और अन्य बागानों में काम कर सकें। समय के साथ, मॉरीशस में भारतीय समुदाय एक बड़ा और प्रभावशाली वर्ग बन गया, जो आज भी देश की आबादी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस ऐतिहासिक घटना की याद में, मॉरीशस में 2 नवंबर को 'अप्रवासी दिवस' मनाया जाता है।
  • 1889: नॉर्थ डकोटा और साउथ डकोटा को संयुक्त राज्य अमेरिका के 39वें तथा 40वें राज्य के रूप में आधिकारिक मान्यता मिली।
  • 1917: ब्रिटेन के विदेश मंत्री आर्थर बाल्फ़ोर ने बाल्फ़ोर घोषणापत्र जारी किया, जिसमें फिलिस्तीन में यहूदियों के लिए राष्ट्रीय घर की स्थापना का समर्थन किया गया। – यह इज़राइल की नींव का आधार बना।
  • 1936: बीबीसी British Broadcasting Corporation ने विश्व का पहला नियमित हाई-डेफिनिशन टेलीविजन सेवा शुरू की।
  • 1947: हॉवर्ड ह्यूज़ ने विशालकाय लकड़ी के विमान स्प्रूस गूज़ को अपनी एकमात्र उड़ान में सफलतापूर्वक उड़ाया। – यह अब तक का सबसे बड़ा विंगस्पैन वाला विमान था, जो केवल एक बार उड़ा।
  • 1948: भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का मुंबई में निधन हुआ।
  • 1950: नोबेल पुरस्कार साहित्य विजेता और महान नाटककार व कुशल राजनीतिज्ञ मानवतावादी व्यक्तित्व जार्ज बर्नार्ड शा का निधन हुआ।
  • 1984: इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली में सिख-विरोधी दंगे अपने चरम पर पहुँच गए।
  • 2000: अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन ISS पर पहला स्थायी मानव चालक दल पहुँचा, जिससे अंतरिक्ष में मानव निवास की शुरुआत हुई।
  • 2013 संयुक्त राष्ट्र द्वारा हर साल 2 नवम्बर को पत्रकारों के विरुद्ध अपराधों में दण्ड मुक्ति समाप्त करने का अंतर्राष्ट्रीय दिवस मनाने की घोषणा हुई।
🌟 आज के प्रेरक व्यक्तित्व

v  अभ्युदय वाणी की अगली कड़ी प्रेरक व्यक्तित्व में आज हम जानेंगे प्रसिद्ध आयरिश नाटककार और समाज सुधारक “जार्ज बर्नार्ड शॉ” के बारे में।

जार्ज बर्नार्ड शॉ एक प्रसिद्ध आयरिश नाटककार, लेखक, आलोचक और समाज सुधारक थे। उनका जन्म 26 जुलाई 1856 को डबलिन आयरलैंड में हुआ था। वे अंग्रेजी साहित्य के उन महान लेखकों में गिने जाते हैं जिन्होंने अपने लेखन के माध्यम से समाज की बुराइयों और पाखंड पर तीखा प्रहार किया। शॉ के नाटक केवल मनोरंजन के साधन नहीं थे, बल्कि उनमें सामाजिक संदेश और व्यंग्य भी निहित रहता था। उनकी प्रमुख रचनाओं में ‘पिग्मेलियन’, ‘मैन एंड सुपरमैन’, ‘सेंट जोन’ और ‘आर्म्स एंड द मैन’ प्रमुख हैं। उन्होंने अपने लेखन से समाज में समानता, शिक्षा और नैतिक मूल्यों का संदेश फैलाया। वर्ष 1925 में उन्हें साहित्य के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वे मानते थे कि कला और साहित्य समाज को सुधारने के साधन हैं। जार्ज बर्नार्ड शॉ का निधन 2 नवम्बर 1950 को हुआ, लेकिन उनकी रचनाएँ आज भी लोगों को सोचने, सीखने और समाज में परिवर्तन लाने की प्रेरणा देती हैं।

👁️ आज का दैनिक विशेष – पत्रकारों के विरुद्ध अपराधों में दण्ड मुक्ति समाप्त करने का अंतर्राष्ट्रीय दिवस

अभ्युदय वाणी के दैनिक विशेष में अब हम जानेंगे  को मनाये  2 नवम्बर को मनाये जाने वाले “पत्रकारों के विरुद्ध अपराधों में दण्ड मुक्ति समाप्त करने का अंतर्राष्ट्रीय दिवस” के बारे में:

हर वर्ष 2 नवम्बर को विश्वभर में “पत्रकारों के विरुद्ध अपराधों में दण्ड मुक्ति समाप्त करने का अंतर्राष्ट्रीय दिवस” यानी International Day to End Impunity for Crimes against Journalists मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य उन अपराधों के खिलाफ आवाज उठाना है जिनमें पत्रकारों पर हमले, धमकियाँ या हत्याएँ की जाती हैं, और अपराधियों को सज़ा नहीं मिलती। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2013 में इस दिवस की घोषणा की थी। यह पहल फ्रांस के दो पत्रकारों — क्लोद वेर्लोन और घिसलैन ड्यूपों — की माली में हत्या के बाद की गई थी।

पत्रकार समाज का वह स्तंभ हैं जो सच को सामने लाने और जनता को जागरूक करने का कार्य करते हैं। लेकिन अनेक बार उन्हें अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए हिंसा, उत्पीड़न और जान का ख़तरा झेलना पड़ता है। इस दिवस के माध्यम से दुनिया भर की सरकारों से यह आह्वान किया जाता है कि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और उनके विरुद्ध अपराध करने वालों को सज़ा मिले।

यह दिवस हमें याद दिलाता है कि पत्रकारिता कोई अपराध नहीं, बल्कि लोकतंत्र की नींव है। पत्रकारों की सुरक्षा और न्याय की गारंटी ही अभिव्यक्ति की सच्ची स्वतंत्रता का प्रतीक है।

📖 आज की प्रेरणादायक बाल कहानी – अच्छे लोग – बुरे लोग

अभ्युदय वाणी के अंतिम पड़ाव पर अब सुनते हैं आज की प्रेरणादायक बाल कहानी,  जिसका शीर्षक है: अच्छे लोग – बुरे लोग

बहुत समय पहले की बात है।

गंगा किनारे बसे एक गाँव में एक गुरु जी अपने शिष्यों के साथ स्नान कर रहे थे। तभी एक राहगीर वहाँ आया और गुरु जी से बोला –

“महाराज, मैं अपना निवास स्थान बदलना चाहता हूँ। कृपया बताइए, इस गाँव में कैसे लोग रहते हैं?”

गुरु जी ने पूछा,

“बेटा, जहाँ तुम अभी रहते हो, वहाँ किस प्रकार के लोग हैं?”

राहगीर बोला,

“महाराज, वहाँ तो एक से एक कपटी, दुष्ट और बुरे लोग रहते हैं।”

गुरु जी मुस्कराए और बोले,

“बेटा, इस गाँव में भी उसी तरह के लोग रहते हैं — कपटी, दुष्ट और बुरे।”

यह सुनकर राहगीर वहाँ से आगे बढ़ गया।

कुछ देर बाद एक दूसरा राहगीर वहाँ से गुज़रा। उसने भी वही प्रश्न पूछा —

“गुरु जी, मैं किसी नए स्थान पर बसना चाहता हूँ। क्या आप बता सकते हैं कि इस गाँव में कैसे लोग रहते हैं?”

गुरु जी ने फिर वही प्रश्न किया,

“जहाँ तुम रहते हो, वहाँ किस प्रकार के लोग हैं?”

राहगीर बोला,

“महाराज, वहाँ तो बहुत अच्छे, सभ्य और सुलझे हुए लोग रहते हैं।”

गुरु जी मुस्कराए और बोले,

“बेटा, इस गाँव में भी उसी प्रकार के लोग रहते हैं — सभ्य, सुलझे और अच्छे।”

राहगीर प्रसन्न होकर चला गया।

गुरु जी के शिष्य यह सब देख रहे थे। वे आश्चर्य में पड़ गए और बोले —

“गुरु जी, क्षमा कीजिएगा, पर आपने एक ही गाँव के बारे में दो अलग-अलग बातें क्यों बताईं?”

गुरु जी गंभीर स्वर में बोले —

“बेटा, हम चीजों को वैसे नहीं देखते जैसी वे होती हैं, बल्कि वैसे देखते हैं जैसे हम स्वयं होते हैं। हर जगह हर प्रकार के लोग मिलते हैं — अच्छा या बुरा देखना हमारे दृष्टिकोण पर निर्भर करता है।”

शिष्य गुरु जी की बात समझ गए और उन्होंने निश्चय किया कि अब वे जीवन में सिर्फ अच्छाई पर ध्यान देंगे।

यह कहानी हमें सिखाती है कि दुनिया वैसी नहीं होती जैसी वह है, बल्कि वैसी होती है जैसी हमारी दृष्टि होती है। इसलिए हर जगह और हर व्यक्ति में अच्छाई देखने की आदत डालो।

🚂 आज की अभ्युदय वाणी का समापन

आज की अभ्युदय वाणी का सफ़र बस यहीं तक था, कल सुबह फिर मिलेंगे एक नई ऊर्जा के साथ रोमांचक, ज्ञानवर्धक और नैतिक शिक्षा से भरपूर एक रोचक सफ़र में। आपका दिन शुभ हो!

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.